उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश की सियासत गरमा गई है। एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों और पिछली सरकारों पर करारा प्रहार किया। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, धार्मिक सौहार्द और प्रदेश की बदलती तस्वीर पर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
हनुमानगढ़ी नमाज विवाद पर सीधा सवाल
मुख्यमंत्री ने विपक्ष की सेक्युलर राजनीति पर तंज कसते हुए कहा कि अगर अयोध्या के हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाई जा सकती है, तो फिर किसी मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ भी क्यों नहीं कराया गया। उनके अनुसार पहले प्रदेश में त्योहारों के दौरान अक्सर तनाव और पथराव की घटनाएं होती थीं, जिसके चलते कई बार कर्फ्यू तक लगाना पड़ता था, लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं।
हर समुदाय को मिल रही शांति: योगी
उन्होंने कहा कि अब हर समुदाय अपने त्योहार बिना किसी रोक-टोक के मना पा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्व संपन्न होने के बाद लोग उन्हें धन्यवाद देने आते हैं, जिस पर वे कहते हैं कि नौ साल बाद अब धन्यवाद की जरूरत नहीं, क्योंकि सुरक्षित माहौल देना सरकार की जिम्मेदारी है।
सेक्युलरिज्म को लेकर तीखी टिप्पणी
सपा का नाम लिए बिना मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पहले कुछ लोग पथराव रोकने के बहाने कांवड़ यात्रा और अन्य धार्मिक आयोजनों पर रोक की बात करते थे, लेकिन आज वही लोग आस्था की दुहाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेक्युलरिज्म एकतरफा नहीं हो सकता, अगर एक पक्ष में समझौता हुआ तो दूसरे पक्ष में भी होना चाहिए था।
राम मंदिर और अयोध्या को लेकर विपक्ष पर निशाना
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने सुप्रीम कोर्ट में शपथ पत्र दाखिल कर राम मंदिर निर्माण का विरोध किया था और हर स्तर पर बाधाएं खड़ी करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले मंदिर निर्माण के खिलाफ थे, वही अब मंदिर में चोरी के मुद्दे को बड़ा बना रहे हैं, जबकि अपने कार्यकाल के घोटालों पर चुप्पी साधे रहते हैं।
नौ साल में यूपी की तस्वीर बदलने का दावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्हें जो टीम लखनऊ में मिली, उसी के साथ काम करके उन्होंने बदलाव लाने की कोशिश की, बिना दिल्ली या गोरखपुर से कोई अलग टीम लाए। उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश ने अपनी पहचान का संकट पार किया है और अर्थव्यवस्था को तीन गुना करने में सफलता पाई है।
माफिया पर सख्ती और विपक्ष पर तंज
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने माफिया पर सख्त कार्रवाई कर कानून का राज कायम किया है, जबकि विपक्ष आज भी माफिया की जांच कराने की बात करता है। उन्होंने 2003 से 2026 तक के 23 साल के कार्यकाल का हवाला देते हुए कहा कि जनता खुद तय करेगी कि किस सरकार के काम से वह सबसे संतुष्ट है।