इंदौर के शासकीय माध्यमिक विद्यालय, नरलाय के प्रधानाध्यापक मुकेश शर्मा 31 वर्षों की उत्कृष्ट शैक्षणिक सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में आयोजित विदाई एवं अभिनंदन समारोह में शिक्षकों, ग्रामीणों, समाजजनों और जनप्रतिनिधियों ने उनके योगदान को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी।
अपने कार्यकाल के दौरान मुकेश शर्मा ने विद्यालय के विकास के लिए उल्लेखनीय प्रयास किए। उनके निजी प्रयासों से विद्यालय में 12 नए कक्षों का निर्माण, विशाल खेल मैदान का विकास और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया गया, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिला।
समारोह में नरलाय के सरपंच मंगल सिंह, उप सरपंच मुकेश कुशवाह, राकेश साखी, पूर्व नगर परिषद राऊ अध्यक्ष शिव डिंगू सहित शिक्षा क्षेत्र और समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने मुकेश शर्मा की कार्यशैली, अनुशासन, समर्पण और शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।
सेवानिवृत्ति के बाद मुकेश शर्मा ने विद्यालय का कार्यभार अनुश्री लाड को सौंपा। कार्यक्रम का संचालन सुरेश कुमार निर्मल ने किया। उपस्थित सभी लोगों ने उनके स्वस्थ, सुखद और सफल आगामी जीवन की शुभकामनाएं दीं।