Chaitanyalok | देश में एक बार फिर कोरोना वायरस के मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। करीब चार साल की शांति के बाद संक्रमण के नए केस सामने आना शुरू हुए हैं। इस बार आंध्र प्रदेश सबसे ज्यादा प्रभावित नजर आ रहा है, जबकि महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश से भी एक-एक मामला रिपोर्ट हुआ है।
आंध्र प्रदेश के कडप्पा में सबसे ज्यादा असर
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक देशभर में फिलहाल 10 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं, जिनमें से 8 अकेले आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले से हैं। यहीं इलाके में एक 46 वर्षीय व्यक्ति की कोविड-19 से मौत भी हो चुकी है। मासापेटा इलाके के इस व्यक्ति को सांस लेने में तकलीफ और लगातार खांसी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चार दिन के इलाज के बाद उसकी जान नहीं बच सकी। जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रवि बाबू ने बताया कि जांच में मृतक के दोनों फेफड़े गंभीर रूप से संक्रमित मिले थे।
दूसरी मौत भी दर्ज हुई
राज्य में यह अकेली मौत नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इससे पहले भी एक मरीज की मौत हो चुकी है, जिसे डायबिटीज और किडनी संबंधी बीमारियां भी थीं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने संक्रमण के लिए ओमिक्रॉन वैरिएंट को जिम्मेदार माना है, हालांकि पुष्टि के लिए सैंपल पुणे की एक मेडिकल लैब में जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं।
मुंबई और वाराणसी में भी मिले मरीज
आंध्र प्रदेश के अलावा मुंबई में एक और उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक कोरोना संक्रमित मरीज की पुष्टि हुई है। वाराणसी के बनारस हिंदू विश्वविद्यालय स्थित सर सुंदरलाल अस्पताल में भर्ती 27 वर्षीय युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिसे सांस लेने में दिक्कत की शिकायत के बाद जांच कराई गई थी।
प्रशासन अलर्ट मोड में, जागरूकता अभियान शुरू
कडप्पा में मामलों के सामने आने के बाद जिला प्रभारी मंत्री सविता ने अधिकारियों को तुरंत जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला कलेक्टर सीएच श्रीधर और स्वास्थ्य अधिकारी रवि बाबू से बातचीत कर कोविड गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराने और जागरूकता अभियान चलाने को कहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने अब तक की कार्रवाई में:
• प्रभावित इलाकों में करीब 40 लोगों के सैंपल लिए हैं, जिनमें से कुछ की रिपोर्ट निगेटिव आई है
• कडप्पा में विशेष रैपिड रिस्पॉन्स टीमें तैनात की हैं
• पूरे आंध्र प्रदेश में कोविड प्रिपेयर्डनेस अलर्ट जारी किया है
• सभी जिलों को निगरानी और रिपोर्टिंग सिस्टम मजबूत करने के निर्देश दिए हैं