चैतन्यलोक
धार

विश्व हेपेटाइटिस दिवस 2026: धार में विशेष जागरूकता और स्क्रीनिंग अभियान शुरू, फ्री जांच और इलाज की सुविधा

Author

Divyansh Sharma

29 Jul 2026 | 12:55 PM
विश्व हेपेटाइटिस दिवस 2026: धार में विशेष जागरूकता और स्क्रीनिंग अभियान शुरू, फ्री जांच और इलाज की सुविधा

धार, 28 जुलाई 2026। विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर जिला धार में राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक जन-जागरूकता और स्क्रीनिंग अभियान की शुरुआत की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनीता सिंगारे के नेतृत्व में जिलेभर में लोगों को हेपेटाइटिस से बचाव और समय पर जांच के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

अभियान के दौरान युवाओं और महिलाओं को टैटू बनवाने और शरीर पर पियर्सिंग कराने से होने वाले संक्रमण के जोखिम के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही रक्तदान, ऑपरेशन से पहले की जांच, टीबी, एचआईवी, मधुमेह, डायलिसिस मरीजों, औद्योगिक क्षेत्रों, जेलों और नशा मुक्ति केंद्रों में विशेष स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है।

संक्रमण की रोकथाम के लिए मनावर, सरदारपुर, धामनोद, पीथमपुर इंडस्ट्रियल एरिया और शहरी स्लम क्षेत्रों को विशेष हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं (ANC) की नई स्क्रीनिंग, पुराने मरीजों के वायरल लोड परीक्षण और जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार शुरू करने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है।

जिले के सब-सेंटर स्तर पर सीएचओ, एएनएम, आशा एवं आशा सहयोगियों के माध्यम से प्रत्येक तीन महीने में मरीजों की निगरानी और वायरल लोड जांच के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला जेल, सब जेल, नशा मुक्ति केंद्रों और अन्य शासकीय संस्थानों में भी विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं।

मरीजों की सुविधा के लिए जिला चिकित्सालय धार में डॉ. मनीष मोदी तथा सिविल हॉस्पिटल मनावर में डॉ. कुलदीप जोहार के नेतृत्व में उपचार केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। यहां मरीजों को फ्री जांच, फ्री वायरल लोड टेस्ट, फ्री HBIG और निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है।

सीएमएचओ डॉ. अनीता सिंगारे ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों को 28 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक राज्य शासन के निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

टिप्पणियाँ (0)

टिप्पणी करने के लिए लॉग इन या रजिस्टर करें।

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!

होम वीडियो Sports श्रेणियाँ ई-पेपर