चैतन्यलोक
धार

भोजशाला विवाद: सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई फिर टली, खसरा नंबर 612 पर होगी नमाज

Author

Editor

07 Aug 2026 | 11:05 AM
भोजशाला विवाद: सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई फिर टली, खसरा नंबर 612 पर होगी नमाज

धार। मध्य प्रदेश के धार स्थित ऐतिहासिक भोजशाला विवाद मामले में गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में मस्जिद पक्ष की अंतरिम याचिका पर सुनवाई नहीं हो सकी। सुनवाई टलने के बाद फिलहाल पहले से निर्धारित अंतरिम व्यवस्था ही लागू रहेगी। इसके तहत शुक्रवार को भोजशाला के पीछे स्थित खसरा नंबर 612 की भूमि पर दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक नमाज अदा की जाएगी।

जिला प्रशासन ने नमाज के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन और अन्य जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने गुरुवार को संबंधित स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की दोबारा समीक्षा की।

सुप्रीम कोर्ट की अंतरिम व्यवस्था

सुप्रीम कोर्ट ने पहले स्पष्ट किया था कि खसरा नंबर 612 को नमाज के लिए इस्तेमाल करने की व्यवस्था अस्थायी है और यह अंतिम फैसले के अधीन रहेगी। इसी अंतरिम आदेश के बाद भोजशाला के पीछे स्थित इस जमीन को वैकल्पिक नमाज स्थल के तौर पर निर्धारित किया गया था। पिछले शुक्रवार को पहली बार इसी स्थान पर नमाज अदा की गई थी।

सुनवाई नहीं होने के कारण इस शुक्रवार भी यही व्यवस्था जारी रहेगी। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग और आसपास के क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी है।

भोजशाला विवाद में अब तक क्या हुआ?

भोजशाला विवाद में 15 मई को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने अपने फैसले में भोजशाला को वाग्देवी का मंदिर माना था। इसके बाद मस्जिद पक्ष ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। 14 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने मामले में सुनवाई करते हुए फिलहाल वैकल्पिक नमाज स्थल की अंतरिम व्यवस्था निर्धारित की थी।

मामले में आगे की सुनवाई और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों पर अब सभी पक्षों की नजर है।

टिप्पणियाँ (0)

टिप्पणी करने के लिए लॉग इन या रजिस्टर करें।

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!

होम वीडियो Sports श्रेणियाँ ई-पेपर