उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित दादू आश्रम के महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज के खिलाफ एक महिला की शिकायत पर दुष्कर्म, मारपीट, धमकी और ब्लैकमेलिंग सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद उनके आश्रम छोड़ने की चर्चा है। हालांकि, उनके शिष्यों का दावा है कि सीने में दर्द की शिकायत के चलते उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। किस अस्पताल में भर्ती हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
महिला ने आरोप लगाया है कि गुरु पूर्णिमा 2025 के दौरान आश्रम में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। शिकायत के अनुसार विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया गया।
पीड़िता ने मामले की शिकायत गृह मंत्री, डीजीपी, आईजी और उज्जैन एसपी को भी भेजी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपों की न्यायिक पुष्टि होना बाकी है और जांच जारी है।