ग्वालियर/इंदौर। सावन के दौरान कांवड़ यात्रा पर निकले युवकों पर ग्वालियर में कथित हमले का मामला सामने आया है। घटना के बाद वर्ल्ड हिंदू फेडरेशन मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने घटना को सनातन आस्था पर हमला बताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की अपील की।
जानकारी के मुताबिक, किला गेट थाना क्षेत्र के घासमंडी-हथियापुरा इलाके में गुरुवार रात कांवड़ यात्रा पर निकले युवकों के साथ विवाद के बाद मारपीट हुई। आरोप है कि सागरताल क्षेत्र के पास एक कार से टक्कर के बाद विवाद बढ़ गया और इसके बाद लाठी, सरिया, हथौड़े और तलवार से हमला किया गया। पथराव किए जाने का भी आरोप है।
घटना में विवेक यादव और शुभम यादव समेत कुछ युवक घायल हुए हैं। बताया गया है कि विवेक के सिर में गंभीर चोट लगी और उन्हें कई टांके आए हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस ने मामले में 15 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है।
चक्का जाम की चेतावनी
संजय अग्रवाल ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन राष्ट्रीय राजमार्ग-3 पर चक्का जाम कर सकता है। उन्होंने कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा बढ़ाने और किसी भी तनावपूर्ण स्थिति को रोकने की मांग की।
हालांकि, घटना को लेकर लगाए गए सांप्रदायिक आरोपों और अन्य दावों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।