भोपाल। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए राज्य सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। महिला 57 किलोग्राम जूडो में रजत पदक जीतने वाली यामिनी मौर्य और 79 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग में सिल्वर मेडल जीतने वाले अजय बाबू को 25-25 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि और सरकारी नौकरी दी जाएगी।
राज्य के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने कॉमनवेल्थ गेम्स में मध्य प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को हर संभव प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री ने कहा कि यामिनी मौर्य और अजय बाबू की सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी। उनकी उपलब्धियां यह साबित करती हैं कि प्रतिभा को उचित अवसर और समर्थन मिले तो अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी सफलता हासिल की जा सकती है।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है और मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से प्रदेश के खेल जगत में उत्साह का माहौल है।