भोपाल। मध्य प्रदेश के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दतिया उपचुनाव में भाजपा की हार पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “हार तो हार होती है और जीत, जीत।” उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी इस हार को हल्के में नहीं लेगी और इसकी गंभीरता से समीक्षा करेगी।
मंगलवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान विजयवर्गीय ने कहा कि उपचुनाव और आम चुनाव की परिस्थितियां अलग होती हैं। उपचुनाव का महत्व आम चुनाव जैसा नहीं होता, लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि हार को नजरअंदाज किया जाए। उन्होंने कहा कि संगठन इस बात की समीक्षा करेगा कि आखिर कहां कमी रह गई और किन कारणों से यह परिणाम सामने आया।
दतिया उपचुनाव के साथ बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के परिणामों पर भी विजयवर्गीय ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बांकीपुर का चुनाव काफी हद तक व्यक्ति आधारित था। उनके मुताबिक, जनसुराज पार्टी की जीत स्थानीय परिस्थितियों का परिणाम है। विजयवर्गीय ने कहा कि प्रशांत किशोर स्वयं चुनाव नहीं लड़ रहे थे, इसलिए वहां के राजनीतिक समीकरण अलग थे। उन्होंने यह भी कहा कि वहां माहौल भाजपा के पक्ष में था, लेकिन इस बार परिस्थितियां अलग रहीं।
विजयवर्गीय ने संकेत दिए कि भाजपा दोनों राज्यों के उपचुनाव परिणामों का विश्लेषण करेगी और संगठनात्मक स्तर पर आवश्यक कदम उठाएगी, ताकि भविष्य के चुनावों में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सके।