इंदौर। नगर निगम ने काम में लापरवाही बरतने वाले मार्केट विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। निगम प्रशासन ने विभाग के 29 अधिकारियों-कर्मचारियों का जुलाई माह का वेतन रोकने के आदेश जारी किए हैं। यह कार्रवाई निगम की दुकानों के सर्वे का कार्य समय पर पूरा नहीं करने के कारण की गई है।
नगर निगम के अपर आयुक्त (राजस्व) आकाश सिंह ने बताया कि करीब दो महीने पहले मार्केट विभाग को निगम की सभी दुकानों का सर्वे करने के निर्देश दिए गए थे। सर्वे का उद्देश्य यह पता लगाना था कि दुकान का संचालन मूल आवंटित व्यक्ति ही कर रहा है या उसे किराए पर दे दिया गया है अथवा किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया है।
सर्वे के दौरान मूल आवंटी की मृत्यु होने पर वारिसों के नाम नामांतरण, वैध विक्रय पत्र के आधार पर स्वामित्व परिवर्तन और लीज की शर्तों का उल्लंघन करने वालों के आवंटन निरस्त करने जैसी कार्रवाई भी प्रस्तावित है। हालांकि निर्धारित समय के बावजूद विभाग द्वारा अधूरी रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।
इसी के चलते निगम प्रशासन ने विभाग के 5 क्लर्क, 3 ऑपरेटर, 2 चपरासी, 1 अधीक्षक, 2 एआरओ और 16 बिल कलेक्टर सहित सभी 29 कर्मचारियों का वेतन रोक दिया है। अधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि सर्वे कार्य पूरा कर संतोषजनक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के बाद ही वेतन जारी किया जाएगा।