इंदौर। शहर के खजराना थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में 26 वर्षीय महिला मृत अवस्था में मिली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना रेडिसन होटल के सामने स्थित व्यू होटल की है। मृतका की पहचान ताहिरा (26) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से खंडवा की रहने वाली थी। उसके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ताहिरा माइग्रेन (सिरदर्द) और अन्य स्वास्थ्य संबंधी उपचार के लिए इंदौर आई थी और होटल में ठहरी हुई थी। रविवार दोपहर होटल के कमरे में उसका शव मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस का कहना है कि मृत्यु के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। शव का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा। पुलिस होटल के रिकॉर्ड, परिस्थितियों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।