यह पूछे जाने पर कि क्या उनकी नरोत्तम मिश्रा से बात हुई, विजयवर्गीय ने खुलासा किया कि उन्होंने दो-तीन बार फोन लगाया, लेकिन बात नहीं हो पाई। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी की पुरानी परंपरा रही है कि टिकट घोषित होने के बाद उसे बदला नहीं जाता, इसलिए दतिया में भी टिकट बदलने की संभावना नहीं है। उन्होंने आशुतोष तिवारी को संगठन मंत्री रह चुका सक्षम कार्यकर्ता बताया।
जीतू पटवारी के भाई के ड्रग मामले पर तीखा वार
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई पर ड्रग लेने के आरोपों को लेकर भी विजयवर्गीय ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष को इतनी ऊंची बातें करने से पहले अपने घर की स्थिति देख लेनी चाहिए, क्योंकि उनके छोटे भाई ने स्वयं इस बात को स्वीकार किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जीतू पटवारी का यह बयान कि वे अब शराब नहीं पीते, इस बात का संकेत है कि पहले वे शराब और ड्रग दोनों का सेवन करते थे। हालांकि उन्होंने इसे व्यक्तिगत मामला बताते हुए आगे टिप्पणी करने से परहेज किया।
साइकिल यात्रा पर भी साधा निशाना
जीतू पटवारी की साइकिल यात्रा को लेकर भी कैलाश विजयवर्गीय ने तंज कसा। उन्होंने राहुल गांधी की पूर्व में निकाली गई लंबी यात्रा का हवाला देते हुए कहा कि जब उस यात्रा से देश को कोई फर्क नहीं पड़ा, तो साइकिल यात्रा से भी कुछ खास बदलाव की उम्मीद नहीं की जा सकती।